Wednesday, August 22, 2018

Ashti Kalash Yatra: Atal Bihari Vajpayee’s ashes reaches Gwalior



























अटल जी की अस्थि कलश यात्रा में उमड़ा अपार जनसमूह
शहरवासियों ने अपने लाड़ले सपूत को दी पुष्पांजलि

ग्वालियर 22 अगस्त 2018/ अपने लाड़ले सपूत पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रृद्धा-सुमन अर्पित करने पूरा ग्वालियर शहर उमड़ पड़ा। शहर के जिस-जिस मार्ग से अटल जी की अस्थि कलश यात्रा गुजरी, वहाँ अपार जनसमूह ने पुष्प वर्षा कर तथा “जब तक सूरज चाँद रहेगा, अटल तुम्हारा नाम रहेगा” जैसे नारे लगाकर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान भी अस्थि कलश यात्रा में शामिल हुए।
स्व. अटल जी का अस्थि कलश लेकर उनकी दत्तक सुपुत्री श्रीमती नमिता भट्टाचार्य व भानजे एवं सांसद श्री अनूप मिश्रा, दामाद श्री रंजन भट्टाचार्य व पौत्री सुश्री निहारिका सहित अटल जी के अन्य परिजन अस्थि कलश लेकर बुधवार को विशेष विमान से ग्वालियर पहुँचे।
यहाँ राजमाता विजया राजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पर केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश सरकार के मंत्रिगण श्रीमती माया सिंह, श्री जयभान सिंह पवैया व श्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्यसभा सांसद श्री प्रभात झा, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ल, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जादौन तथा सर्वश्री वेद प्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र बरुआ, देवेश शर्मा, वीरेंद्र जैन समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अटल जी के भतीजे श्री दीपक वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
इस अवसर पर संभागायुक्त श्री बीएम शर्मा, आईजी श्री अंशुमान यादव, कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी अस्थि कलश यात्रा
--2

      स्व. अटल जी के अस्थि कलश को अटल जी के भानजे श्री अनूप मिश्रा ने एक खुले वाहन पर स्थापित किया। इसके बाद विमानतल पर मौजूद केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर एवं राज्य सरकार के मंत्रिगण श्रीमती माया सिंह, श्री जयभान सिंह पवैया व श्री नारायण सिंह कुशवाह सहित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद ये सभी जनप्रतिनिधिगण अस्थि कलश यात्रा में भी शामिल रहे।
--2--
 
विमानतल से शुरू हुई अस्थि कलश यात्रा दीनदयालनगर, पिंटो पार्क तिराहा, गोला का मंदिर, रेसकोर्स रोड़, स्टेशन बजरिया, राजा मानसिंह तिराहा, तानसेन रेसीडेंसी तिराहा, राजमाता चौराहा, एजी ऑफिस ब्रिज, माधवनगर गेट, चेतकपुरी तिराहा, जीवाजी क्लब, अचलेश्वर, इंदरगंज, दाल बाजार, नया बाजार, हुजरात पुल, दौलतगंज, बाड़ा, सराफा, डीडवाना ओली, गस्त का ताजिया, राम मंदिर, फालका बाजार, भारत टॉकीज रोड़, शिंदे की छावनी चौराहा, दीनदयाल मॉल रोड़ होते हुए फूलबाग मैदान पर पहुँची।
मुख्यमंत्री चेतकपुरी तिराहे से अस्थि कलश यात्रा में शामिल हुए
      मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान विमानतल पर पहुँचने के बाद सीधे अस्थि कलश यात्रा में शामिल होने पहुँच गए। श्री चौहान ने अटल जी के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद अस्थि कलश यात्रा के साथ फूलबाग मैदान पर पहुँचे। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह भी अस्थि कलश यात्रा में शामिल होने पहुँचे थे।
उन गलियों में भी पहुँची यात्रा, जिनसे अटलजी आत्मीय रूप से जुड़े रहे  
      अस्थि कलश यात्रा उस नया बाजार से भी गुजरी जहाँ बहादुरा स्वीट्स की दुकान है तो दौलतगंज में भी गई जहाँ पर चाची (रामदेवी चौहान) की मंगोड़े की दुकान है। इसी तरह उस फालका बाजार का रास्ता भी अस्थि कलश यात्रा ने तय किया, जहाँ सन्नूलाल की नमकीन की दुकान है। जग जाहिर है अटल जी को बहादुरा के लड्डू, चाची के मंगोड़े और सन्नू का चिवड़ा खासे पसंद थे। प्रधानमंत्री बनने के बाद भी अटल जी ग्वालियर से ये व्यंजन मंगाया करते थे। अटल जी की अस्थि कलश यात्रा जब इन मार्गों से होकर गुजरी तो ऐसा लगा मानो ये गलियां अपने लाड़ले सपूत को हेर रही हैं। इसी तरह मेले की सूनी दुकानें मानो अटल जी के अस्थि कलश को निहार रही थीं। घरों की छतों पर एवं सड़क मार्ग के दोनों ओर खड़े अपार जनसमूह ने पुष्प वर्षा कर अटल जी को श्रृद्धांजलि अर्पित की।
      इसी तरह दीनदयालनगर से लेकर फूलबाग मैदान तक कई जगहों पर सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यापारिक संगठनों तथा नागरिकों ने समूह में इकट्ठे होकर अस्थि कलश यात्रा पर पुष्प वर्षा की। एलएनआईपीई के विद्यार्थियों ने अस्थि कलश यात्रा में शामिल लोगों को मिनरल वाटर की बोतलें वितरित कीं।
मानो आसमां भी अश्रुपूरित श्रृद्धांजलि दे रहा हो
अस्थि कलश यात्रा के दौरान आसमान से झर रहीं बूंदें देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो आसमान भी अटल जी को अश्रुपूरित श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहा है। बुधवार को सुबह से ही घने बादल छाए थे और दिनभर रूक-रूककर बारिश का क्रम जारी रहा। दोपहर लगभग 12.30 बजे के बाद बारिश थम गई। मगर जैसे ही अस्थि कलश यात्रा शहर से गुजरी तो आसमान से हल्की-हल्की फुहार गिरने लगी।

अटल जी से जो मिला वो उन्हीं का हो गया – मुख्यमंत्री श्री चौहान
अटल जी को दी भावभीनी श्रृद्धांजलि
फूलबाग मैदान पर हुआ श्रृद्धांजलि सभा का आयोजन   

ग्वालियर 22 अगस्त 2018/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रृद्धांजलि देते हुए कहा कि अटलजी का व्यक्तित्व अद्भुत था। उनसे जो भी मिलता था, वह उनका हो जाता था। उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी। श्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को ग्वालियर में स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की श्रृद्धांजलि सभा में यह बात कही।
ग्वालियर के फूलबाग मैदान पर नगर निगम ग्वालियर द्वारा आयोजित श्रृद्धांजलि सभा में केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश सरकार के मंत्रिगण श्रीमती माया सिंह, श्री जयभान सिंह पवैया व श्री नारायण सिंह कुशवाह, राज्यसभा सांसद श्री प्रभात झा, महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, भिण्ड सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद, सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ल, जीडीए के अध्यक्ष श्री अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह जादौन समेत अटलजी की दत्तक सुपुत्री श्रीमती नमिता भट्टाचार्य व भानजे एवं सांसद श्री अनूप मिश्रा, दामाद श्री रंजन भट्टाचार्य व पौत्री सुश्री निहारिका सहित अटल जी के अन्य परिजन के साथ ही सर्वश्री वेद प्रकाश शर्मा, शैलेन्द्र बरुआ, देवेश शर्मा, वीरेंद्र जैन समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अटल जी के भतीजे श्री दीपक वाजपेयी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
--2
 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से ग्वालियर का नाम पूरे विश्व में आलोकित किया है। स्व. अटलजी के जाने से न केवल ग्वालियर, प्रदेश, देश बल्कि करोड़ों लोगों के हृदय सूने हो गए हैं। स्व. अटल जी ने सम्पूर्ण जीवन देश सेवा में समर्पित करते हुए देशवासियों के हृदय पर राज किया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अटल जी के व्यक्तित्व के अनूठे तत्वों का उल्लेख करते हुए कहा है कि वे हमेशा छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते थे। वे स्नेह से भरे हुए थे। उन्होंने पूरी दुनिया में हिंदी का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी अपने भाग्य पर गर्व करेगी कि अटल जी को देखा था। अटलजी जैसा बनने का प्रयास करना उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि होगी।
--2--
 
केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मैं भाग्यशाली हूँ कि मुझे स्व. अटलजी का सानिध्य प्राप्त हुआ। अटलजी का व्यक्तित्व अपने आप में एक विचार था। श्री तोमर ने कहा कि अटल जी के अपनत्व के कारण जो भी उनसे मिलता था, उनका हो जाता था। स्व. अटल जी के भाषण सुनकर ही अनेकों लोग उनके साथ और उनके विचार पर कार्य करने के लिये तैयार हुए। उन्होंने कहा कि स्व. अटलजी का सम्पूर्ण जीवन देश के लिये समर्पित रहा।
प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि स्व. अटल जी ने राजनीति की सीमाओं से हटकर लोगों के दिलों में अपना स्थान बनाया। वे मध्यप्रदेश के लाल थे। इसका हमें गर्व है। वे व्यक्ति नहीं एक विचार थे।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि स्व. अटल जी एक व्यक्ति न होकर एक हस्ती थे और उनकी हस्ती को कभी मिटाया नहीं जा सकता। हमें गर्व है कि स्व. अटल जी ग्वालियर के सपूत थे। उनके कारण ही विश्व भर में ग्वालियर की पहचान स्थापित हो सकी। स्व. अटल जी ने देश पर नहीं लोगों के दिलों पर राज किया। स्व. अटलजी द्वारा बताए हुए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि होगी।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि स्व. अटलजी के भाषण सुन-सुनकर ही मेरे जैसे अनेकों युवा राष्ट्र प्रेम की मुख्यधारा से जुड़े। उनमें सदैव अपनत्व का भाव रहता था। स्व. अटलजी की कमी हम सबको हमेशा रहेगी। लेकिन उनके विचार सदैव हमारे साथ रहेंगे।
श्रृद्धांजलि सभा में मुरैना के सांसद श्री अनूप मिश्रा ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी मेरे परिवार के मुखिया थे। उन्होंने मुझे राजनीति का क,ख,ग सिखाया। स्व. अटल जी ने जीवन भर राष्ट्रहित को ही अपना जीवन माना। स्व. अटल जी ने पूरे विश्व में लोकतंत्र में सबको साथ लेकर चलने का उदाहरण प्रस्तुत किया।

राज्यसभा सांसद श्री प्रभात झा ने कहा कि मैं खुशनसीब हूँ कि मुझे स्व. अटलजी के साथ कार्य करने का सौभाग्य मिला। स्व. अटल जी महान व्यक्तित्व के धनी थे। उनकी सहृदयता के सभी कायल थे। स्व. अटलजी ने देश को एक नई ऊँचाई तक पहुँचाया। उनके द्वारा किए गए कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी सम्पूर्ण जीवन देश सेवा में लगे रहे। उनके द्वारा किए गए कार्यों के कारण उनका हमेशा लोगों के दिलों में एक विशेष स्थान रहा। उनके द्वारा बताए गए मार्ग पर हम सब कार्य करें, यही उनके प्रति सच्ची श्रृद्धांजलि होगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी ने राजनीति की सीमा से हटकर लोगों के दिलों में स्थान बनाया। वे मध्यप्रदेश की माटी के लाल थे, इसका हमें गर्व है। वे व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचार थे। भाजपा के महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी विराट व्यक्तित्व थे। वे हर व्यक्ति को अपने लगते थे। वे आनंद की प्रतिमूर्ति थे। विधानसभा उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी प्रेम और सद्भाव का दल से ऊपर उठकर संदेश देते थे। वे महान व्यक्ति थे। जो उनसे मिलता, उसे अपना बना लेते थे।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र शर्मा, पूर्व मंत्री श्री भगवान सिंह यादव, श्री कृष्ण गोपाल जी ने भी स्व. अटलजी के व्यक्तित्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभा के अंत में सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों सहित आमजनों ने भी स्व. अटलजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रृद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन श्री वेदप्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर सभी धर्मगुरूओं ने श्रृद्धांजलि सभा में उपस्थित रहकर स्व. अटल जी को श्रृद्धा-सुमन अर्पित किए।
मुखर्जी भवन पर आम जनों के दर्शनार्थ रहेगा स्व. अटलजी का अस्थि कलश
      स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश 23 अगस्त को दिनभर मुखर्जी भवन पर आमजनों के दर्शनार्थ रखा जायेगा। शहर के नागरिक उपस्थित होकर श्रृद्धा-सुमन अर्पित कर सकते हैं।  24 अगस्त को अस्थि कलश ग्वालियर से मुरैना के लिये रवाना होगा।
आयोजन में सहयोग के लिये महापौर ने ज्ञापित किया आभार
      नगर निगम ग्वालियर द्वारा फूलबाग मैदान पर आयोजित स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की श्रृद्धांजलि सभा में वर्षा के दौरान भी उपस्थित हुए जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिकों और व्यवस्थाओं में लगे जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति महापौर ने आभार ज्ञापित किया है। 

No comments:

Post a Comment